झारखंड की जनता का दुःख दर्द दूर होने तक जारी रहेगी मेरी यात्रा: मरांडी

babulal_M.jpeg

रांची : संताल परगना के साहिबगंज जिले में बाइक रैली में शामिल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की 3.25 करोड़ की जनता का दुख और दर्द खत्म होने तक मेरी यात्रा जारी रहेगी। बाबूलाल मरांडी ने रविवार को बीजेपी एसटी मोर्चा द्वारा आयोजित 2 दिवसीय आदिवासी अधिकार बाइक रैली में शिरकत की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भले ही आज यात्रा का औपचारिक समापन हो लेकिन जनता की समस्या दूर होने तक यह जारी रहेगी। बता दें कि बाइक रैली संताल हूल के नायक सिद्धो-कान्हू के पैतृक गांव भोगनाडीह से शुरू हुई। बाइक रैली बोरियो, तीनपहाड़ और बरहड़वा होते हुए दुर्गापुर स्कूल मैदान में खत्म हुई। 


बीजेपी की उपलब्धियां गिनाईं 

दुर्गापुर स्कूल मैदान में सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने यात्रा की सफलता के लिए लोगों को बधाई दी। कहा कि मेरी यात्रा आदिवासी, दलित और वंचितों को उनका हक और अधिकार दिलाएगी। मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बीजेपी सरकार की देन है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने झारखंड राज्य का सपना साकार किया। आज जो विकास दिखता है वो बीजेपी सरकारों की देन है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चलाई। पुल-पुलियों से गांव को जोड़ा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा सभी वर्गों के लिए योजनाएं चलाई जा रही है। 

हेमंत सरकार पर साधा निशाना 
बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में आज गरीब आदिवासी मलेरिया से मर रहे हैं, लेकिन उनको चिंता नहीं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को केवल पैसा और परिवार की चिंता है। हेमंत सरकार दलालों और बिचौलियों की सरकार है। शराब के ठेके छत्तीसगढ़ और बाहर के लोगों को देकर राज्य के लोगों का हक मारा जा रहा है। कहा कि जिनकी जमीन पर खदान है वे मजदूर बने हैं। खदान का मालिक बाहर से आया है। उन्होंने कहा कि यह अधिकार यात्रा यहां के लोगों को खदान का मालिक बनाने की भी यात्रा है। झारखंड के लोगों को अमीर और करोड़पति बनाने की यात्रा है। आज की यात्रा में विधायक अनंत ओझा, पूर्व विधायक ताला मरांडी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement

Contact Form