देवघर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देवघर एम्स में बने पीएम जन औषधि केंद्र का ऑनलाइन उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर बीजेपी के गोड्डा सासंद निशिकांत दुबे और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडिया की मौजूदगी रही। बता दें कि देवघर एम्स में बना ये औषधि केंद्र देश में अपनी तरह का पहला औषधि केंद्र है। इसी केंद्र को मॉडल बनाकर पूरे देश में 25000 स्थानों पर जन औषधि केंद्र खोले जायेंगे। इसके लिए कई शहरों में निर्माण शुरू कर दिया गया है। वहीं, कुछ शहरों के लिए बने प्रस्ताव की कागजी कार्यवाही पूरी कर जा रही है। जन औषिध केंद्र में दवाइयों के रखरखाव और उनकी उपलब्धता पर खास ध्यान दिया जायेगा।
मरीजों को ये होगा फायदा
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निर्माण देवघर एम्स कैंपस में अमृत फार्मेसी के बगल में किया गया है। औषधि केंद्र के शुरू हो जाने से गरीब तबके के मरीजों को महंगी दवाइयों से छुटकारा मिलेगा। झारखंड के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के नोडल अधिकारी सुमित पांडेय ने बताया कि दवाइयों में 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। दवाइयों में छूट की मदद से मरीजों पर महंगी दवाइयों का बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जन औषधि में डॉक्टर द्वारा लिखी गई सारी दवाइयां उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही यहां 600 सरकारी दवाइयों के साथ-साथ जेनरिक दवाइयां भी उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली एम्स जैसा सुविधाएं मिल सकेंगी
बता दें कि देवघर एम्स केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक रहा है। इसमें गरीब मरीजों को सभी तरह का उच्च स्तरीय इलाज कम से कम खर्च पर हो सके, ये ध्यान रखा गया है। देवघर एम्स का उद्देश्य दिल्ली एम्स में मिलने वाली सारी स्वास्थ्य सुविधाओं को झारखंड में उपलब्ध कराना है। एम्स में दवाइयों की कोई न हो, इसके लिए कैंपस में ही पीएम जन औषधि केंद्र का निर्माण किया गया है। इससे मरीजों को जरूरी दवाओं के लिए बाहर की दुकानों पर नहीं निर्भर होगा। उनको सस्ती और क्वालिटी की दवाएं एम्स कैंपस में ही मिलेंगी।
