चाईबासा : क्रिसमस पर चाईबासा के विभिन्न चर्चों में ईसाई समुदाय ने हर्षोल्लास से यीशु ख्रीस्त जन्मदिन मनाया. रविवार को चर्च में क्रिसमस के पूर्व संध्या में प्रार्थना सभा की गई. वहीं रात के 12 बजते ही चर्च की घंटियां घनघना उठी और सभी श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को यीशु के जन्म दिन की बधाई दी. रोमन कैथोलिक चर्च में पल्ली पुरोहित निकोलस केरकेट्टा,सीएनआई चर्च में पादरी निकोलस नाग और जीइएल चर्च में पादरी प्रभु सहाय चांपिया की अगुवाई में प्रार्थना सभा हुई. रोमन कैथोलिक चर्च में फादर निकोलस केरकेट्टा ने अपने संदेश में कहा कि यीशु मसीह ने एक गरीब परिवार में जन्म लेकर सादगी का परिचय दिया. यीशु ने दुनिया में प्रेम, शांति और भाई-चारा की भावना जन-जन में फैलाया. चूंकि ये सारी चीजें हमें प्रगति के राह पर ले चलता है. प्रेम और शांति हमें स्वच्छ मन से जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है. लिहाजा हम ईसा मसीह के संदेश के साथ जीवन को सुदृढ़ बनाएं.
