सरायकेला: एक ओर अयोध्या धाम में आगामी 22 जनवरी को भगवान श्री राम के भव्य स्वागत की तैयारी को लेकर समुचे देश में उत्साह है। वहीं दूसरी ओर सरायकेला में भव्य नौ दिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन की तैयारी की जा रही है।
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सरायकेला, मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन सरायकेला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले उक्त आध्यात्मिक धार्मिक कार्यक्रम को लेकर सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी पंडित बृजमोहन शर्मा, आनंद अग्रवाल एवं साकेत सेक्सरिया ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
सरायकेला के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में आयोजित उक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला में पहली बार श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसका आयोजन आगामी 8 दिसंबर से लेकर 16 दिसंबर तक अग्रसेन ठाकुरबाड़ी भवन धर्मशाला सरायकेला में किया जाएगा। आयोजन के प्रति दिवस पर व्यास पीठ से कथावाचक वेदानंद शास्त्री द्वारा भगवान श्री राम के चरित्र के बाल कथा से लेकर सभी प्रसंग का कथा वाचन संध्या 3:00 बजे से लेकर 7:00 बजे तक किया जाएगा।
जिसमें प्रत्येक दिवस पर भक्त श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है। मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में उत्पन्न हो रही विकृतियों को दूर कर संस्कारपरक समाज के निर्माण के दिशा में पहला करना है। जिसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि का विचार दिया गया है।
