चांडिल: क्षेत्र के कुकड़ू में जंगली हाथी का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार की रात लगातार जंगली हाथी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. मंगलवार की रात जहां जंगली हाथी ने एक मकान को ध्वस्त कर फसलों को नुकसान पहुंचा था, वही बुधवार की रात को भी जंगली हाथी ने खलिहान में घुसकर धान को अपना निवाला बनाया और समेट कर रखे धान को तितर-बितर कर दिया. जानकारी के अनुसार कुकड़ू निवासी कार्तिक कुमार के खलिहान में घुसकर दंतैल हाथी ने धान को अपना आहार बनाया और तितर-बितर कर नुकसान पहुंचाया. रोज किसी न किसी गांव और खेतों में हाथी के पहुंचने के कारण लोग भयभीत हैं और वन विभाग से इसका स्थाई समाधान निकालने की गुहार लगा रहे हैं.
आजसू पार्टी के नेता अजय कुमार महतो ने कहा कि सरकार जनता के दुख तकलीफों को भी दूर करे. जंगली हाथियों के उत्पात के कारण ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. लोग हमेशा इस भय में रहते हैं कि पता नहीं जंगली हाथियों का झुंड कब उसके गांव में आ जाए या कब उसके खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा दें. उन्होंने कहा कि जंगली हाथियों के जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में आने के कारण की गहराई से समीक्षा करने की जरूरत है. ग्रामीणों द्वारा बार-बार वन विभाग से गुहार लगाए जाने के बाद भी क्षेत्र में जंगली हाथियों की समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है. ऐसे में लोगों का विश्वास विभाग पर से उठता जा रहा है.
