
धनबाद: डॉक्टरों से रंगदारी मांगे जाने के विरोध में कल से सभी निजी डॉक्टर (Private Doctors) तीन दिनों की हड़ताल पर रहेंगे। इस वजह से अस्पताल, क्लीनिक, नर्सिंग होम समेत जांच घरों में चिकित्सा सेवा ठप (medical services halted) रहेगी। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा भी बंद रहेगी। हालांकि, अस्पताल में पहले भर्ती मरीजों का इलाज जारी रहेगा। गौरतलब है कि गुरुवार को बरटांड़ स्थित एशियन द्वारिका दास सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की बैठक के बाद पूर्व में घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलाव करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने 30 दिसंबर से एक जनवरी तक हड़ताल पर रहने की सूचना सार्वजनिक की।
IMA के जिलाध्यक्ष डॉ मेजर चंदन ने बताया कि जिले के निजी क्षेत्र के सभी अस्पतालों व जांच केंद्रों ने हड़ताल में पूर्ण समर्थन दिया है। मेमको मोड़ स्थित सर्वमंगला नर्सिंग होम की संचालिका डॉ सर्वमंगला प्रसाद से रंगदारी मांगने की घटना के बाद चिकित्सकों में भय का माहौल है। मामले को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में हड़ताल पर जाने के अलावा उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
IMA के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हड़ताल से सरकारी स्वास्थ्य सेवा को अलग रखा गया है। सरकारी अस्पतालों में नियमित रूप से ओपीडी से लेकर इंडोर सेवा चलेगी। निजी अस्पतालों के डॉक्टरों के हड़ताल की घोषणा के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सिविल सर्जन डॉ. चंद्रभानु प्रतापन ने सदन अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारियों को अलर्ट रहने और मरीजों की भीड़ पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।