
रांची : मिचौंग तूफान का असर आज भी झारखंड में देखने को मिला। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवाओं का साथ रूक-रूक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार ये तूफान अब छत्तीसगढ़,ओडिशा और तेलंगाना के भाग से होते हुए आगे बढ़ रहा है इसलिए अब यह कमजोर हो रहा है। शुक्रवार यानि कल से झारखंड में मौसम साफ होने की उम्मीद है। बादल छटेंगे और धूप भी खिलने की उम्मीद है। लेकिन रात में पारा और गिरने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के पुर्वानुमान वैज्ञानिक उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया है कि मिचौंग चक्रवाती तूफान छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर कमजोर पड़ रहा है।चक्रवात अब सर्कुलेशन में तब्दील हो रहा है।ऐसे में इसके प्रभाव में अब कमी आएगी फिर धीरे-धीरे यह समाप्त हो जाएगा। शुक्रवार का झारखंड का मौसम साफ रहेगा। हलांकि हवा में नमी के कारण सुबह कोहरा बनने की संभावना है।
राज्य में हुए इस बेमौसम बारिश का असर खेती पर हुआ है। कटाई के बाद खेत में ही पड़े धान की फसल बराबद हो गई। आलू पर इस बारिश का असर होगा। रांची कृषि पदाधिकारी रामा शंकर सिंह ने बताया कि धान की वैसी फसल जिन्हें काटकर किसानों ने खेत में ही सूखने के लिए छोड़ दिया था, वह दो दिनों की वर्षा से खराब हो गया होगा। सब्जियों की बात करें तो आलू को इस बारिश से नुकसान होगा और आलू की फसल में बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग शुक्रवार तक मौसम और वर्षा की स्थिति का आकलन करेगा उसके बाद हुई क्षति की पूरी जानकारी हो पाएगी।