रांची : 1250 करोड़ के अवैध खनन घोटाला मामले ईडी साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव से कल (गुरुवार) को पूछताछ करेगी. बीते छह जनवरी को ईडी ने समन जारी करते हुए सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को 16 जनवरी, साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव को 11 जनवरी और विनोद सिंह को 15 जनवरी को ईडी ऑफिस में पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है.
साहिबगंज में 1250 करोड़ के अवैध खनन और ईडी के गवाह विजय हांसदा को प्रभावित करने से जुड़े मामले में ईडी ने बीते तीन जनवरी को बड़ी कार्रवाई की थी. ईडी ने एक साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू, साहिबगंज के डीसी रामनिवास यादव, डीएसपी राजेंद्र दूबे, साहिबगंज के खनन कारोबारी खुदानिया बंधु, मुख्यमंत्री के दोस्त विनोद कुमार सिंह, रौशन सिंह, कोलकाता के कारोबारी अभय सरावगी, पूर्व विधायक पप्पू यादव, रांची के बिरसा मुंडा जेल के जमादार अवधेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान शेल कंपनियों के जरिये निवेश, संदिग्ध फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन के साक्ष्य एजेंसी को मिले हैं. बरामदगी के आधार पर ही ईडी अब आगे की कार्रवाई कर रही है.
