- 15 मिनट में महलनुमा घर हुआ ज़मींदोज़
कन्नौज: गुरुवार को सिपाही हत्याकांड के आरोपी हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुन्ना के घर पर बुलडोजर चला। राजस्व अधिकारी पुलिस-प्रशासन के साथ 2 बुलडोजर लेकर पहुंचे। पहले धारनीधरपुर गांव में किले नुमा बने घर की बाउंड्रीवॉल गिराई। इसके बाद 2 बुलडोजर ने घर को 15 मिनट में ही ढहा दिया।
इस कार्रवाई के दौरान 5 थानों की फोर्स मौके पर तैनात रही। ये कार्रवाई सिपाही सचिन राठी हत्याकांड के 11वें दिन की गई है। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने नाज जोख के बाद हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव के इस मकान को अवैध जमीन पर बताया था। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।
गुरुवार सुबह 10 बजे 5 थानों के पुलिसकर्मी, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी अफसरों के साथ धरनीधरपुर गांव पहुंचे। पुलिस प्रशासन के साथ 2 बुलडोजर भी थे। इसके बाद फिर से मकान की नापजोख के बाद 10:30 बजे बुलडोजर ने सबसे पहले मुन्ना यादव के किलेनुमा घर की बाउंड्रीवॉल को गिराया। इसके बाद जेसीबी मशीन ने मकान को जमींदोज किया गया।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई सालों से हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव ने अवैध काली कमाई से जमीन पर कब्जा कर आलीशान मकान बनाया था। जिसे प्रशासन ने खाली करने का नोटिस जारी किया था। प्रशासन द्वारा मकान को जमींदोज करने से पहले ही मकान में रखे सामान को बाहर निकाल लिया गया है। उसके बाद बुलडोजर चलवाया गया।
इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। यही नहीं, आसपास के मकानों की छतों और घरों में भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। उपजिलाधिकारी छिबरामऊ उमाकांत तिवारी ने बताया कि आगे भी आपराधिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि पुलिस 26 दिसंबर की शाम विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनी धरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव को पकड़ने गई थी। यहां पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर मुन्ना और उसके नाबालिग बेटे ने फायरिंग कर दी थी। इस दौरान थाने के सिपाही सचिन राठी की गोली लगने से मौत हो गई थी। हालांकि, कुछ देर बाद ही पुलिस ने मुन्ना यादव और उसके बेटे के पैर में गोली मारकर दोनों को पकड़ लिया था।
