- पुलिस के 2 जवान भी घायल, 20 लाख का माल बरामद
कन्नौज: बीती 5 जनवरी को समधन के एक ज्वेलर की गोली मारकर हत्या और लूट की घटना के ज़िम्मेदार बदमाशो से आज सुबह हुई गुरसहायगंज पुलिस की एक मुठभेड़ में एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए है। पुलिस को लुटेरों के पास से एक अपाचे मोटर साइकिल, लूट का माल और चार लाख तीस हजार रुपये मिले है। एडीजी ज़ोन ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को पचास हज़ार का नकद इनाम दिए जाने का ऐलान किया है।
आज सुबह साढ़े सात बजे ज्वैलर्स की हत्या करने वाला बदमाश एनकाउंटर में मारा गया। उसका साथी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं बदमाशों की फायरिंग में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ज्वैलर्स से लूटी ज्वेलरी और नगदी भी बरामद कर ली है। जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
सुबह 7:30 बजे दोनों बदमाश इजहार पुत्र जुम्मन और तालिब पुत्र पप्पू बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। तभी पुलिस ने गुरसहायगंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पूर्वी बाइपास के नजदीक उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन खुद को फंसा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें गुरसहायगंज कोतवाली में तैनात सिपाही अमन सिंह और विनय कुमार घायल हो गए हैं।
पुलिस ने मारे गए बदमाश के कब्जे से 250 ग्राम सोने के जेवर और 500 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही 4 लाख 30 हजार कैश भी मिला है। इसके अलावा ज्वैलर्स से लूट की वारदात में प्रयोग की गई सफेद रंग की आपचे बाइक भी बरामद की है।
पूछताछ में घायल बदमाश तालिब ने बताया, कुछ और सोने-चांदी का सामान उसके एक अन्य साथी द्वारा बेचा गया है। अब पुलिस उस बदमाश की तलाश कर रही है जिसने सामाने बेचा था।
