रांची : क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, कोलकाता सहित अन्य जगहों के दर्जनों लोगों से करीब 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी साइबर अपराधियों ने की. | रांची : क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, कोलकाता सहित अन्य जगहों के दर्जनों लोगों से करीब 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी साइबर अपराधियों ने की. इसके बाद तीन बार दुबई और एक बार रूस सहित अन्य जगहाें पर जाकर गिरोह के लोगों ने मौज-मस्ती में पैसे उड़ाये. जबकि कुछ पैसे इन लोगों ने क्रिप्टो करेंसी फॉर्म में रखा है. इस गिरोह में शामिल एक सदस्य को बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के एमआइटी से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी का नाम शशि शंकर कुमार उर्फ विक्की (36 वर्ष) है. उसके पास से एक मोबाइल, दो सिम, चार चेकबुक, एक पासबुक और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया गया है. इसकी गिरफ्तारी में सीआइडी की साइबर थाना को ब्रह्मपुरा थाना ने सहयोग किया. इस मामले में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र निवासी एक पीड़ित ने साइबर थाना में प्राथमिकी करायी थी.
