कन्नौज: समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपी कमर्चारी ने एक छात्र को छात्रवृत्ति दिलाने के लिए रिश्वत ली थी। छात्र ने फोन पे पर पैसे ट्रांसफर किए थे। काम न होने पर छात्र ने समाज कल्याण मंत्री से मामले की शिकायत की। जांच में रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
8 हजार की ली थी घूस
तिर्वागंज का रहने वाला ममतांजय कुमार डीएलएड का छात्र है। उसने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसका फार्म निरस्त हो गया। जब वह जानकारी करने के लिए समाज कल्याण विभाग में पहुंचा तो वहां उसकी मुलाकात सुपरवाइजर हृदेश कुमार से हुई। उन्होंने छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर छात्र ममतांजय से रिश्वत की डिमांड कर दी। ऐसे में उसने मार्च 2024 में फोन पे के माध्यम से 8250 रुपए हृदेश कुमार के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। काफी इंतजार के बाद भी जब छात्रवृत्ति नहीं आई तो उसने कर्मचारी हृदेश से सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
जांच में आरोप सही पाया गया
ऐसे में छात्र ने कन्नौज सदर विधायक और यूपी सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से मुलाकात की और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी द्वारा रिश्वत लेने की शिकायत की। मंत्री असीम अरुण ने मामले की जांच कराई, जिसमें रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। ऐसे में खुद उन्होंने कमर्चारी हृदेश कुमार के खिलाफ पुलिस को तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज करवा दी। पुलिस ने इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र के बखाइया गांव के रहने वाले हृदेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले का खुलासा सोमवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने किया।
