Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के सीनियर वकील संजय उपाध्याय से मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने उनसे जमशेदपुर के कल्याण नगर, इन्द्रा नगर बस्तियों के घरों के टूटने की समस्या पर चर्चा की. उनके बीच इस समस्या के तमाम कानूनी पहलुओं पर विस्तार से वार्ता हुई. संजय उपाध्याय ने कहा कि वह बस्तीवासियों का मुकदमा एनजीटी में पूरी ताकत से लड़ेंगे, इसके लिए बस्तीवासियों को वकालतनामा देना होगा. सरयू राय ने उन्हें वकालतनामा लाकर देने का भरोसा दिया.
23 अगस्त को एनजीटी में होनी है सुनवाई
गौरतलब है कि आगामी 23 अगस्त को एनजीटी में इस मामले को लेकर तारीख पड़ी है. श्री राय ने बताया कि दर्जन भर चुनिंंंदा बस्तीवासी वकालतनामा देकर अपना पक्ष रखेंगे और मांग करेंगे कि प्रशासन सही तरीके से सर्वे करे. अभी जो सर्वे किय़ा गया है, वह त्रुटिपूर्ण है. यह एनजीटी के गाइडलाइन के अनुरूप नहीं है. इसमें कतिपय तथ्यों की अनदेखी हुई है. बस्तीवासी इस बारे में मुख्य सचिव को भी ज्ञापन देंगे. मुख्य सचिव को एनजीटी के सामने 23 अगस्त के पहले हलफनामा देना है. वह मांग करेंगे कि उनका पक्ष भी हलफनामा में रखा जाए. उनका पक्ष समाहित नहीं होगा तो वे वरीय अधिवक्ता संजय उपाध्याय के माध्यम से अपना हलफनामा देंगे और एनजीटी से आग्रह करें कि उनके प्रस्ताव पर भी विचार करें.
कल्याण नगर-इंद्रा नगर बस्तियों के घरों को तोड़ने का मामला
ज्ञात हो कि 13 जुलाई को जमशेदपुर अंचल कार्यालय की ओर से लगभग 150 घरों को तोड़ने के लिए नोटिस जारी किया गया. नोटिस में 14 दिनों का समय देते हुए सभी से जवाब मांगा गया. अन्यथा भवन तोड़ने की बात कही गई. दोनों बस्तियों के लोगों को मकान तोड़े नोटिस मिलने की जानकारी विधायक सरयू राय को होने के बाद वे सबसे पहले बस्ती पहुंचे तथा लोगों को आश्वस्त किया कि घर नहीं टूटेगा. उन्होंने इस संबंध में उपायुक्त से भी बात की. दूसरे दिन पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार अपने समर्थकों के साथ कल्याणनगर तथा इंद्रानगर पहुंचे. उन्होंने ने भी इस मामले में बस्तीवासियों को आश्वस्त किया. मामला गरमाता देख इस मामले में भाजपा भी कूद गई. सांसद विद्युत वरण महतो ने बस्ती का दौरा करने के बाद उपायुक्त के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली. बाद में सरयू राय ने इसपर तंज भी कसा कि बयानबाजी और ज्ञापन से यह मसला हल नहीं होगा. इसका सही रास्ता कानूनी लड़ाई से ही निकलेगा और उन्होंने इसके लिए सभी दलों से एक मंच पर आने की अपील भी की थी.
