Jharkhand: BJP की पहली लिस्ट में कई दिग्गजों के नाम, जानें कौन हैं रेस में आगे, किसका कटेगा पत्ता






  • बीजेपी की पहली सूची में 30 से 35 उम्मीदवारों का ऐलान संभव
  • जमशेदपुर पूर्वी सीट के लिए रोचक होगा मुकाबला
  • जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में 3 सीटें आरक्षित

जमशेदपुरः झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट फाइनल हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। इस बैठक में बीजेपी के झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, सह चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद थे।

नई दिल्ली में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद बाबूलाल मरांडी, अमर कुमार बाउरी और चंपाई सोरेन समेत अन्य नेता बुधवार को वापस रांची लौट आए। रांची वापस लौटने के बाद पार्टी नेताओं ने कहा कि जल्द ही बीजेपी-जेडीयू और आजसू पार्टी गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
जमशेदपुर पूर्वी सीट के लिए रोचक होगा मुकाबला

वर्ष 2024 के चुनाव में जमशेदपुर (पूर्वी) सीट सबसे चर्चित होने वाली है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के राज्यपाल बनने के बाद इस सीट से कौन लड़ेगा यह अभी तक तय नहीं है। भाजपा जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी, लेकिन जमशेदपुर (पूर्वी) सीट पर सामान्य वर्ग का उम्मीदवार उतारा जाएगा या पिछड़ा वर्ग का, यह अभी तक तय नहीं है।

जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र की 6 सीटें में से 3 सीटें आरक्षित

जमशेदपुर लोकसभा सीट में 6 विधानसभा सीटें आती हैं - जमशेदपुर (पूर्वी), जमशेदपुर (पश्चिम), बहारागोड़ा, पोटका, जुगसलाई और घाटशिला। इनमें से जमशेदपुर (पूर्वी), जमशेदपुर (पश्चिम) और बहारागोड़ा सामान्य सीटें हैं जबकि पोटका, जुगसलाई और घाटशिला आरक्षित हैं। बहारागोड़ा सीट पर पार्टी समय के हिसाब से उम्मीदवार उतारती रही है। जमशेदपुर (पूर्वी) से अगर पिछड़ा वर्ग का उम्मीदवार उतारा जाता है तो जमशेदपुर (पश्चिम) से सामान्य वर्ग का उम्मीदवार उतारा जाता रहा है।

इस बार भाजपा ने जमशेदपुर (पश्चिम) सीट जेडीयू को दे दी है। ऐसे में भाजपा के पास जमशेदपुर (पूर्वी) और बहारागोड़ा सीटें बचती हैं। बहारागोड़ा से दिनेशानंद गोस्वामी के बाद आभा महतो का नाम सामने आने के बाद भाजपा जमशेदपुर (पूर्वी) सीट को लेकर काफी सतर्क है। अगर भाजपा बहारागोड़ा सीट ओबीसी उम्मीदवार को देती है तो जमशेदपुर (पूर्वी) से सामान्य जाति के उम्मीदवार को टिकट देना होगा।

रघुवर दास के करीबी रामबाबू तिवारी रेस में आगे

जमशेदपुर (पूर्वी) सीट से कौन उम्मीदवार होगा यह काफी हद तक रघुवर दास पर निर्भर करता है। अगर सामान्य वर्ग की बात करें तो जमशेदपुर के पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष रामबाबू तिवारी का नाम सबसे आगे चल रहा है। वह रघुवर दास के करीबी माने जाते हैं और ब्राह्मण जाति से आते हैं। जमशेदपुर (पूर्वी) में ब्राह्मण जाति के लोग अच्छी संख्या में रहते हैं।

बाबूलाल के करीबी अभय सिंह और शिव शंकर का नाम भी चर्चा में

सामान्य जाति से शिव शंकर सिंह का नाम भी चर्चा में है। वह क्षत्रिय जाति से आते हैं और जमशेदपुर (पूर्वी) में काफी दिनों से सक्रिय हैं। बाबूलाल मरांडी के करीबी अभय सिंह का नाम भी चर्चा में है। वह भी सामान्य जाति से हैं और जमशेदपुर में हिंदू नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।

रघुवर दास के भगीने दिनेश कुमार के नाम की भी चर्चा

पिछड़ा वर्ग से रघुवर दास के भगीने और भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार का नाम चर्चा में है। इसके अलावा मिथिलेश सिंह यादव का नाम भी चर्चा में है।

बीजेपी की पहली सूची में 30 से 35 उम्मीदवारों का ऐलान संभव

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी की पहली लिस्ट में 30 से 35 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान संभव है। जिन नामों की चर्चा मीडिया में हो रही है, उसमें कांके से कमलेश राम, हजारीबाग से प्रदीप प्रसाद, डालटनगंज से आलोक चौरसिया, कोडरमा से नीरा यादव और दुमका से सुनील सोरेन के नाम की चर्चा है।

अधिकांश विधायकों को फिर से मिलेगा टिकट

इसके अलावा बोकारो से बिरंची नारायण, बेरमो से रवींद्र पांडेय, बगोदर से नागेंद्र महतो, गांडेय से मुनिया देवी, गिरिडीह से निर्भय शाहबादी, निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता, चंदनकियारी से अमर बाउरी और गुमला से सुदर्शन भगत शामिल है। वहीं मधुपुर में गंगा नारायण सिंह, सारठ से रणधीर सिंह, जरमुंडी से देवेंद्र कुंवर और सिसई से अरुण उरांव का नाम शामिल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement

Contact Form