
गुमला : गुमला में एक बुजुर्ग महिला का कंकाल पांच टुकड़ों में मिला है। महिला 1 महीने से गायब थी। 62 वर्षीय महिला का कंकाल पालकोट थाना की पुलिस को कुजरीपानी नदी के डीपा से मिला है। पुलिस ने बताया है कि शव को नदी के डीपा में खोदकर दफना दिया गया था। आशंका है कि महिला की हत्या कर डीपा में लाश को छिपा दिया गया होगा। लंबे अंतराल में शव कंकाल में तब्दील हो गया। मृतका बघिमा पंचायत के गुड़गुड़ा गांव की रहने वाली थी। महिला का नाम भौंदी खड़ियाइन बताया जाता है। महिला के कंकाल की पहचान उसके परिजनों ने कपड़े और बाल से की है।
क्या कहना है पुलिस का
पालकोट थाना की पुलिस ने इस संबंध में प्रेस का जानकारी दी है। थाना प्रभारी अनिल लिंडा ने बताया कि 1 महीना पहले गुड़गुड़ा गांव से महिला के गायब होने की सूचना मिली थी। पुलिस तभी से महिला की तलाश में लगी हुई थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने खबर दी कि कुजरीपानी नदी के एक स्थान से दुर्गंध आ रही है। पुलिस टीम वहां पहुंची और नदी के डीपा की पड़ताल की जहां से दुर्गंध आ रही थी। डीपा की खुदाई करने पर एक कंकाल मिला जो 5 टुकड़ों में बंटा हुआ था। महिला की पहचान उसके परिजनों ने भौंदी खड़ियाइन के रूप में की है। हालांकि पुलिस को नदी के डीपा से कुछ और संदिग्ध चीज नहीं मिली है, जिससे जांच को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस ने कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए रांची भेज दिया है।
फोरेंसिक जांच के बाद खुल सकेगा राज
इस बाबत पालकोट थाना प्रभारी लिंडा ने बताया कि रांची से फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद कहा जा सकता है कि महिला की हत्या हुई है या उसकी जान अन्य कारण से गई है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। पहली नजर में यही कहा जा सकता है कि महिला की हत्या की गयी है। साथ ही लाश छिपाने के लिए उसे नदी के किनारे ले जाकर डीपा में गाड़ दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।