गुमला: गुमला के पालकोट थाना इलाके में पुलिस ने 21 किलो गांजा के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने 1 स्कॉर्पियो, स्विफ्ट डिजायर और 3 मोबाइल भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने अपना गुनाह को कबूल कर लिया है। गिरफ्तार युवकों में एक लोहरदगा जिले का रहने वाला है। उसका नाम अफताब अंसारी है। बाकी 2 के नाम खुसतर अंसारी और मोईन अंसारी है। हालांकि ये कहां के रहने वाले है इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।
सबडेगा (ओडिशा) के व्यक्ति से खरीदा था गांजा
गिरफ्तार किए गए तीनों तस्करों ने बताया कि सबडेगा (ओडिशा) के रहने वाले एक युवक से हमारी साल 2021 में फोन पर बात हुई थी। उसने हमें बताया था कि मैं गांजा का व्यापार करता हूं। मुझे काफी मुनाफा होता है। अगर कभी तुम लोगों को गांजा का व्यापार करना होगा तो मुझसे संपर्क करना मैं कम दाम में गांजा उपलब्ध करा दूंगा। लालच में आकर हम तीनों अधिक मुनाफा कमाने के उदेश्य से सबडेगा (ओडिशा) के निवासी से लगभग 22 किलो गांजा व्यापार करने के उदेश्य खरीदा। हमने 87 हजार रुपए कैश और 49 हजार रुपए फोन पे के माध्यम से गांजा तस्कर को दिया था। जिसके बाद हम गांजा लेकर लौट रहे थे।
गुप्त सूचना के अधार पर हुई छापेमारी
पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सिमडेगा-कोलेबीरा की तरफ से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक सफेद स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में गांजा गुमला की तरफ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत टीम का गठन किया। सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों गाड़ियों को एक ढाबे के पास रोक कर उसकी तलाशी ली गई। जांच के क्रम में स्विफ्ट डिजायर कार की डिक्की से एक बोरी में बंद 21 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आगे बताया कि गिरफ्तार युवकों के पास से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार,एक स्कॉरपियो,2 VIVO और एक ONE PLUS कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया है।
