कन्नौज: चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान मेले में 71 किसान सम्मानित



कन्नौज:  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह जन्मोत्सव के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर मैदान में किसान सम्मान समारोह एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं मुख्य विकास अधिकारी आर० एन० सिंह ने संयुक्त रुप से स्व० चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
विभिन्न विभागो द्वारा लगायी गयी प्रर्दशनी का अवलोकन भी किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग के 16 किसान, उद्यान विभाग के 16 किसान, मत्स्य विभाग के 15, पशु पालन विभाग के 16 किसान एवं विशिष्ट श्रेणी के 8 किसानों को कुल 71 किसानो को साल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह ने अपने कार्यकाल में किसानो के उत्थान के लिये अनेक कार्य किये थे। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी किसानो को अनेक योजनाओं से लाभान्वित कर रहे है। उन्होने किसानो के लिये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि देने की व्यवस्था की है, जिसमें किसानो के सालाना 06 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। इस धनराशि से किसान भाइयो को खाद्य एवं बीज लेने में सहायता मिलती है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि किसान की आय दुगनी करेंगे, जिसके लिये अनेक प्रकार की योजनाये चलाई जा रही है और जब से उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार बनी तब से भारत सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। उन्होने कहा कि मोदी कार्यकाल में विश्व में भारत की 05वी अर्थव्यवस्था हुई है।

2047 में भारत की आजादी के जब 100 वर्ष पूर्ण होगे तब दुनिया में भारत की पहली अर्थव्यवस्था होगी। उन्होने कहा कि अब भारत का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है। उन्होने कहा कि देश के गरीब लोगो को मुफ्त राशन मिल रहा है और आने वाले 5 वर्ष तक मुफ्त राशन मिलेगा। अब राशन वितरण की व्यवस्था में सुधार हुआ है। जब अंगूठा लगेगा तभी राशन मिलेगा। अब कोटेदार बेइमानी नही कर पायेगा। उन्होने कहा कि मोदी जी लोक सभा, विधान सभा, ब्लाक प्रमुख, प्रधान आदि चुनाव में महिलाओ को 33 प्रतिशत का आरक्षण देने का कार्य किया है। कहा कि 2017 में श्री योगी जी सरकार बनी है तबसे कानून का राज हुआ है और अपराधियों के लिये सख्त कानून व्यवस्था लागू की है।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि आज किसान दिवस है और आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन भी है। चौधरी चरण सिंह ने किसानो के लिये जो सपना देखा था, उसे साकार करने के लिये सोच विचार करके आगे बढना होगा और हमे संकल्प लेना होगा कि उनके सपनो को पूरा करेंगे और आगे ले जायेंगे। उन्होने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाये चलाई जा रही है। इन योजनाओं का लाभ सभी को मिले ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं। बहुत देशो के पेट भरने में हम लोग सक्षम है। यह क्रम चलता रहे, ऐसा हम सब लोगो को मिलकर करना होगा। उन्होने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, इस पर भी सब लोगों को ध्यान देना होगा। मिट्टी की क्षमता एवं उर्वरकता आदि के विषय में वैज्ञानिक जो जानकारी देते हैं उसका पालन सबको करना होगा। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक खेती की तरफ बढे, इस पर भी विचार करने की जरुरत है। खेती की सिचाई के लिये अनेक प्रकार के नये-नये उपरकरणो का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे कम पानी में अधिक पैदावार की जा सकती है। छोटी खेती से नई-नई वैराइटी की खेती करके मुनाफा कमा सकते हैं।

 उन्होने कहा कि सरकार विभिन्न नीतियो के माध्यम से वैज्ञानिको के सुझाव को आगे बढ़ा रही है। नई-नई पद्यतियों को आगे बढ़ाये और कृषि विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र का भरपूर लाभ लें। कहा कि बाजार का भाव किसानो तक पहुंचे ऐसा सरकार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जो किसान भाई लाभ से वंचित है उन्हे भी जल्द लाभ मिले ऐसा प्रयास किया जा रहा है। जो नये किसान है उन्हे भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि सरकार की योजनाओं में किसी प्रकार की कठिनाई न हो उसके लिये हम लोग खड़े है। प्रदर्शनी में वैज्ञानिको के माध्यम से आलू, मक्के की जानकारी दी जाती है। मक्के की खेती में अण्डर ग्राउण्ड वाटर में कमी आ जाती है। हम लोग प्रयास कर रहे है कि मक्के की खेती के इतना लाभ अन्य फसल से मिल सके। अब सूरजमुखी की खेती पर भी ध्यान देने की जरुरत है। सूरजमुखी के नई-नई वरायटी की बीज उपलब्ध है उससे अधिक लाभ कमा सकते है।

जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी वीर सिंह भदौरिया द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए पुरस्कृत कृषकों को बधाई दी गयी तथा बताया गया कि किसान भाई सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठायें।
उप कृषि निदेशक, कन्नौज द्वारा कृषकों को विभागीय योजनाओं एवं कार्यकमों के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गयी, उनके द्वारा कृषको को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन किसान भाइयों की ई.के.वाई.सी०, भूलेख अंकन एवं आधार सीडिंग का कार्य अपूर्ण है वह किसान भाई गाँव-गाँव आयाजित कराये जा रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में पहुँच कर पूर्ण करालें, ताकि शासन की मंशा अनुरूप उन्हें लाभान्वित किया जा सके।

आयोजित कार्यकम में डा० अमर सिंह, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र अनौगी द्वारा कृषकों को पिछेती आलू पर चर्चा करते हुए चेचक से बचाव, बीज उपचार, मिट्टी उपचार के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गयी। डा० सुशील कुमार, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र अनौगी द्वारा गेंहूँ की फसल सुरक्षा तथा आलू एवं राई / सरसों की खेती के वाद खाली खेतों में मूँगफली की खेती के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी।
इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विकास प्रबन्धक (नाबार्ड), जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी-मत्स्य, सहायक अभियंता नलकूप, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता एवं प्रतिनिधि अग्रणी जिला प्रबन्धक बैंक आफ इण्डिया तथा कृषि विज्ञान केन्द्र अनौगी कन्नौज के वैज्ञानिको आदि जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement

Contact Form