चतरा: चतरा में इटखोरी थाना की पुलिस ने कई नक्सली कांडों के वांछित नक्सली ग्राम सरहेता के मुकेश राणा तथा ग्राम देवरिया के भोला सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दोनों नक्सलियों के पास से पुलिस ने एक लोडेड देसी कट्टा तथा गोलियां भी जब्त की है।
दोनों गिरफ्तार नक्सलियों की चतरा, हजारीबाग व गिरीडीह जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र की पुलिस को नक्सली कांड करने के मामले में तलाश थी।
दोनों नक्सलियों की गिरफ्तारी की सूचना देते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय केदारनाथ राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को यह गुप्त सूचना प्राप्त हुई की प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के उग्रवादी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए इटखोरी थाना क्षेत्र के ग्राम सरहिता के समीप सतौनी जंगल में इकट्ठा हुए हैं।
ऐसी सूचना मिलने के पश्चात पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक केदारनाथ राम तथा परीक्ष्मण पुलिस उपाधीक्षक वसीम रजा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली, थाना प्रभारी विनोद कुमार, सब इंस्पेक्टर बंटी यादव, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतौनी जंगल में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने मुकेश राणा तथा भोला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मुकेश राणा के पास से एक लोडेड देशी कट्टा तथा भोला सिंह के पास से नाइन एमएम का दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
