कन्नौज। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए आज राहुल गांधी का पुतला फूंक दिया। भाजपाइयों ने राहुल गांधी पर लोकतंत्र का मजाक बनाने और उपराष्ट्रपति के अपमान का आरोप लगाया।
तिर्वा क्रासिंग चौराहे पर भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया। यहां राहुल गांधी और कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पुतला फूंक दिया।
इस दौरान जीटी रोड पर वाहनों की कतार लग गई। प्रदर्शन के दौरान किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम बाबू कटियार ने कहा कि सदन में हंगामा करने वालों ने 70 सालों से देश का और लोकतंत्र का मजाक बनाकर रखा हुआ था।
जनता ने जिनको प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना था, वो लोग सड़क पर उपराष्ट्रपति का मजाक उड़ा रहे हैं और फिर मिमिक्री करने की बात बोलकर अपनी गलतियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिमिक्री करने का काम कॉमेडियन का होता है और यदि कांग्रेसी नेताओं को कॉमेडी करने का शौक है तो वह लोग सदन छोड़कर टीवी शो जॉइन कर लें। प्रदर्शन के दौरान दिलीप पांडेय, श्यामजी मिश्रा, शुभु मिश्रा, शिवम दुबे, संदीप कश्यप, विशाल शुक्ला, रजत श्रीवास्तव और समुद्र श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिर्वा क्रासिंग चौराहे पर भाजपा के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। यहां सरायमीरा चौकी प्रभारी शेखर सैनी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन करने से भाजपाइयों को रोकने के प्रयास किया लेकिन वह लोग नहीं मानें। हालांकि पुतला फूंकने के दौरान 10 मिनट ही भाजपाई सड़क पर डटे रहे और फिर नारेबाजी कर वहां से चले गए।
