कन्नौज(बृजेश चतुर्वेदी): आपरेशन क्लीन' के अन्तर्गत थाना कोतवाली कन्नौज पर 207 मोटर वाहन अधिनियम से सम्बन्धित व लावारिस 02 पहिया वाहन कुल 37 वाहनों की नीलामी कराकर जीएसटी समेत कुल ₹ 2,12,400/- के राजस्व की प्राप्ति की गई।
प्रायः थाना परिसर व परिसर के बाहर बेतरतीब तथा बेहिसाब संख्या में दो पहिया व चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं। इन वाहनों से थाने की काफी अधिक भूमि व्यर्थ हो जाती है व दैनिक थाना कार्यों में व्यवधान उत्पन्न होता है । पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थानों के भ्रमण के दौरान पाया गया कि थाना परिसर में लम्बे समय से काफी संख्या में मुकदमाती , लावारिस व एमबी एक्ट मे सीजशुदा वाहन खड़े हैं जो धूप, गर्मी, बरसात की वजह से जंग लगकर धीरे-धीरे नष्ट हो रहे हैं। जिस कारण से न्यायिक प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न होता है साथ ही राष्ट्रीय सम्पत्ति की हानि हो रही है। वाहनों के क्षरण के कारण थाना परिसर में रहने व आने – जाने वाले व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की सम्भावना बनी रहती है । थाना परिसर में लम्बे समय से खड़े वाहनों के सम्बन्ध में समय-समय पर न्यायालय द्वारा निर्देश दिये गये हैं।
उच्चतम न्यायालय में स्पेशल लीव पिटीशन (क्रिमिनल) सं0 2745/2002 सुन्दर भाई अम्बालाल देसाई बनाम गुजरात राज्य में प्रदत्त व्यवस्था के क्रम में थाने में खड़े वाहनों के निस्तारण हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाने पर खड़े माल मुकदमाती व अन्य वाहनों के निस्तारण हेतु जनपद में 'ऑपरेशन क्लीन' 20, अगस्त 2023 से प्रारम्भ किया गया। 'ऑपरेशन क्लीन' के अन्तर्गत सभी थानों को चरणबद्ध एवं समयबद्ध लक्ष्य दिया गया। सक्षम न्यायालय से आदेश प्राप्त कर 'ऑपरेशन क्लीन' के अन्तर्गत कार्यवाही की जा रही है ।
आज उप जिलाधिकारी सदर नवनीता राय, क्षेत्राधिकारी सदर कमलेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी इज्जा तिवारी व संयुक्त निदेशक अभियोजन प्रदीप कुमार मिश्रा व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विष्णुकांत तिवारी की कमेटी द्वारा कोतवाली कन्नौज में 207 एमवी एक्ट से सम्बन्धित कुल 37 मोटरसाइकिलो की सार्वजनिक नीलामी कोतवाली कोतवाली परिसर में करायी गयी। जिससे कुल नीलामी की धनराशि मय GST कुल ₹ 2,12,400/- का राजस्व प्राप्त हुआ । जिसको राजकीय कोषागार में जमा कराया जायेगा ।
