जेवां गांव के नजदीक वशीरपुर टोल प्लाजा पर अब पहले से अधिक टैक्स देना होगा। यहां 5 रुपये से लेकर 20 रुपए तक टैक्स में बढोत्तरी की गई है। नई दरों के अनुसार कार, जीप और हल्के वाहन स्वामियों को 120 रुपये टैक्स देना होगा, जोकि अब तक 115 रुपये था। इसी प्रकार हल्के वाणिज्यिक माल वाहन व मिनी बस चालकों को 190 रुपए देने होंगे, जोकि अब तक 185 रुपये था। 2 धुरी वाले बस और ट्रक चालकों को 405 रुपए जमा करने होंगे, जोकि अब तक 390 रुपये तय था। इन बस और ट्रक चालकों से अब 15 रुपये अधिक लिए जाएंगे। 3 धुरी वाले भारी वाहनों से 440 रुपये लिए जाएंगे। अब तक इन्हें 430 रुपए टैक्स चुकाना पड़ रहा था।
4 से 6 धुरी वाले वाहनों को 630 रुपए देने होंगे। जिनको अब तक 615 रुपये देने होते थे। इसी प्रकार बड़े आकार वाले वाहनों को अब 20 रुपए अधिक टैक्स देना होगा। इन वाहन ड्राइवरों को अब तो 750 रुपए देने होते थे, लेकिन अब 770 रुपए देने पड़ेंगे।
अलीगढ़ से कानपुर तक 284 किलोमीटर लंबे 4 लेन हाइवे पर छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में हाइवे के कुछ हिस्से का निर्माण नहीं हो पाया था। यहां करमुल्लापुर और सरायप्रयाग में 2 किलोमीटर का रास्ता छूटा हुआ था। जिस कारण टोल टैक्स कम लिया जा रहा था। नेशनल हाइवे अथॉरिटी के परियोजना निदेशक प्रशांत दुबे ने बताया कि हाइवे का जो हिस्सा छुटा हुआ था, उसे अब पूरा कर लिया गया है। जिस कारण टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई है।
