कोलकाता, दो दिसंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को एक दिन पहले गंगाजल से "शुद्ध" किये जाने के खिलाफ शनिवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया।
कोलकाता, झाड़ग्राम शहर, सिलीगुड़ी और अन्य स्थानों पर टीएमसी और उसकी विभिन्न शाखाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा "विभाजनकारी राजनीति" कर रही है तथा देश में "अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के बीच भय उत्पन्न कर रही है।"
टीएमसी ने भाजपा द्वारा शुक्रवार को आंबेडकर की प्रतिमा को गंगाजल से शुद्ध करने को "राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के आदिवासी, ओबीसी और महिला विधायकों का अपमान" करार दिया था।
