आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार शीघ्र होगा. पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में उद्योग धंधे फलने-फूलने लगे हैं. अब जियाडा ने उद्योग विस्तार को पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा, खूंटपानी और नोवामुंडी तक करने की अड़चनें दूर कर ली हैं. जियाडा ने एक वर्ष पूर्व पश्चिमी सिंहभूम जिले के 696 एकड़ सरकारी भूमि को अधिग्रहण किया था. इसमें कुछ अड़चनें और स्थानीय लोगों की समस्या आ रही थी, जिसे दूर कर लिया गया है. अब वहां इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है. जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने बताया कि जमीन को अधिग्रहित करने में कुछ अड़चन थी, जिसे उद्योग विभाग के माध्यम से दूर कर लिया गया है.
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र का विकास पूर्वी सिंहभूम तक करने के बाद अब पश्चिमी सिंहभूम में नया औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है. इसके लिए जियाडा ने पश्चिम सिंहभूम में 696 एकड़ भूखंड का अधिग्रहण किया है. जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन कहते हैं कि अधिग्रहित भूमि को जियाडा शीघ्र ही नोटिफिकेशन निकालकर आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू करेगी. इन्फ्रास्ट्रक्चर को डेवलप कर वर्ष 2025 वर्ष तक वहां औद्योगिक प्रतिष्ठानों को स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा गया है. जमीन पथरीली है, जिसे समतल करने के साथ वहां सड़क, नाली, पानी, बिजली आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाने की योजना बन रही है. उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास होने से क्षेत्र के लोगों को भारी मात्रा में प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार एवं स्वरोजगार भी मिलेगा.
