
रांची : झारखंड के 5 लाख स्कूली बच्चों को साइकिल खरीदने के लिए पैसे दिये गये हैं। साइकिल वितरण योजना के तहत ये राशि सीधे उनके बैंक अकाउंट में भेजी गयी है। राज्य सरकार की ओर से इस बात की जानकारी दी गयी है। कहा गया है कि सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड के विभिन्न सरकारी स्कूलों में अध्यनरत 4 लाख 90 हजार बच्चे-बच्चियों को साइकिल खरीदने के लिए राशि भेजी गयी है। 10 दिसंबर 2023 तक 220 करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके बैंक खातों में डीबीटी के तहत भेजी गई है। इसमें सत्र 2020-21, 2021-22 एवं 22-23 के 8वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल हैं। सत्र के शेष 3 लाख 10 हजार विद्यार्थियों को 29 दिसंबर 2023 तक राशि भेज दी जायेगी।
कल्याण विभाग ने सूचना दी है कि साइकिल योजना का लाभ देने के लिए आपकी योजना- आपकी सरकार कार्यक्रम के प्रत्येक शिविर में विशेष कैम्प लगाया जा रहा है। इसमें छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल खऱीदने के लिए राशि का वितरण किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को सूची भेजी गई है। कल्याण विभाग को लगभग 8 लाख लाभार्थी बच्चों की सूची मिली थी। इसमें एसटी, एससी, बीसी एवं अन्य वर्ग के छात्र शामिल हैं। 10 दिसंबर 2023 तक 2878 कैम्प में लगभग 4 लाख 90 हजार बच्चों के बैंक खातों में साइकिल के लिए 220 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।
गौरतलब है कि कल 9 दिसंबर को सीएम हेमंत सोरेन ने देवघर में आपकी योजना-आपकी सरकार कार्यक्रम की शुरुआत की है। यहां हेमंत ने कहा कि बच्चों को पोस्ट मैट्रिक के बाद जो स्कॉलरशिप 60 हजार मिलता था उसे बढ़ा कर 1 लाख कर दिया गया है। प्री-मैट्रिक में भी राशि को तीन गुणा बढ़ा दिया है। कहा कि साइकिल खरीदने के लिए जो 3500 मिलता था वह अब 4500 मिलेगा। अब बेटी हमारी बोझ नहीं है। घऱ की हर बच्ची को इस योजना का लाभ मिलेगा। हमने डीबीटी के माध्यम से साइकिल के लिए पैसा दिया।