
गिरिडीह: गिरिडीह में दूल्हे को फेरों के बीच मंडप छोड़कर भागना पड़ा। दुल्हन लेने आए बारातियों को बेरंग लौटना पड़ा। मामला गिरिडीह के पचम्बा का है। मंडप छोड़कर भागने वाले दूल्हे का नाम मुकेश है। वह 2 बच्चों का पिता है। मूलरूप से बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला मुकेश दरअसल, गिरिडीह में दूसरा विवाह रचा रहा था तभी उसकी पत्नी ने एंट्री मार दी। हालात ऐसे हुए कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पूरा मामला क्या है। चलिए विस्तार से जानते हैं।
गिरिडीह के पचम्बा थानाक्षेत्र का मामला
16 दिसंबर की देर रात पचम्बा के धर्मशाला में एक शादी हो रही थी। दूल्हा और दुल्हन फेरों के लिए तैयार हो रहे थे कि तभी एक महिला पुलिस के साथ आ धमकी। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया लेकिन धीरे-धीरे मामला खुला तो लोग हैरान रह गए। दरअसल, पुलिस के साथ धर्मशाला पहुंची महिला शादी कर रहे युवक की पत्नी है। युवक यहां दूसरी शादी कर रहा था। महिला ने बताया कि युवक से उसकी 2007 में ही शादी हुई थी और 10 और 16 साल की दो बेटियां भी है। महिला ने बताया कि बेटा पैदा नहीं होने को लेकर उसका पति से विवाद था। वह, 2015 से ही वैशाली छोड़कर गिरिडीह में रहने लगा था। इधर, युवक की सच्चाई सामने आते ही दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी से इनकार कर दिया। बारात बेरंग लौट गई।
2007 में ही हो चुकी है मुकेश की शादी
महिला ने बताया कि 2007 में उसकी शादी मुकेश से हुई थी। दंपति को 16 और 10 साल की दो बेटियां है। इसके बाद मुकेश अपनी पत्नी से कहने लगा कि तुमसे बेटा नहीं हो रहा है। इस बात को लेकर दंपति में मनमुटाव हो गया। 2015 से मुकेश गिरिडीह में आकर रहने लगा। हालांकि, बीच-बीच में वह पत्नी से मिलने जाता था। महिला का आरोप है कि पिछले 1 साल से मुकेश ने उसे राशन का खर्चा देना बंद कर दिया। इस बीच किसी ने बताया कि मुकेश का किसी युवती से अफेयर है और दोनों शादी करने वाले हैं।
सच्चाई जान युवती ने शादी से इनकार किया
दिलचस्प बात यह है कि जिस युवती के साथ मुकेश का अफेयर था, उससे मुकेश ने अपनी शादी और बेटियां होने की बात छिपाई थी। वह युवती को खुद को अविवाहित बताता था। अब मामले का खुलासा होने के बाद युवती ने शादी से इनकार कर दिया।