जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत त्रिवेणी चौक के पास शनिवार देर रात एक बंद दुकान में अचानक आग लग गई. इस घटना में दुकान बुरी तरह जलकर राख हो गई. कुछ लोगों ने दुकान के भीतर से चिंगारी निकलता देख तुरंत ही अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी.
इसके बाद झारखंड अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इससे पहले लोगों ने खुद ही शटर तोड़कर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके.
जानकारी मिलने पर स्थानीय समाजसेवी और झामुमो नेता माणिक मल्लिक मौके पर पहुंचे और घटना पर खेद व्यक्त करते हुए दमकल की एक गाड़ी परसुडीह क्षेत्र में भी तैनात करने की मांग की. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर समय रहते आग को नहीं बुझाया गया होता तो संभवत: आग आसपास के दुकानों में लग सकती थी, जिससे एक बड़ा नुकसान हो सकता था.
