रांची: वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड के सहायक अध्यापकों ने राजभवन के सामने सीएम आवास का अनिश्चितकालीन घेराव शुरू किया। झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों ने गेरा डालो-डेरा डालो कार्यक्रम के तहत "वादा पूरा करो हेमंत सरकार, सहायक अध्यापक आपके द्वार" के नारे के साथ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया।
मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल की चौथी वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम की वजह से धारा-144 लगी है इसलिए सहायक अध्यापकों को कार्यक्रम स्थल नहीं मिल सका। इसकी वजह से उनमें आक्रोश था। राजभवन के समक्ष जमा हुए 30 हजार सहायक अध्यापक गुरुवार को पुलिस प्रशासन को चकमा देकर कचहरी रोड होते हुए मुख्यमंत्री आवास जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उनको रोक लिया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और सहायक अध्यापकों के बीच नोक-झोंक भी हुई। सहायक अध्यापकों को एसएसपी आवास के पास रोक लिया गया। सहायक अध्यापक वहीं बैठ गए।
धरना-प्रदर्शन कर रहे सहायक अध्यापकों को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान रांची अनुमंडल पदाधिकारी, दंडाधिकारी और प्रशासी पदाधिकारी जयंत मिश्रा सहायक अध्यापकों को आश्वासन दे रहे थे कि 6 जनवरी तक उनकी वार्ता प्रधान सचिव से कराई जाएगी लेकिन सहायक अध्यापक मुख्यमंत्री से मुलाकात की जिद पर अड़े थे। गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। मोर्चा के राज्य सदस्य सिद्दीक शेख ने कहा कि कल एक ओर सरकार अपने 4 साल की उपलब्धियों का बखान करेगी वहीं दूसरी ओर सहायक अध्यापक वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारेंगे। शिक्षकों का कहना है कि सरकार की लापरवाही नौकरशाही का दंश हेमंत सरकार झेलेगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व विनोद बिहारी महतो, विनोद तिवारी, सिद्धीक शेख, ऋषिकेश पाठक कुमार सिंह,विकास कुमार चौधरी,सुमन कुमार, नरोत्तम सिंह मुण्डा, सुशील कुमार पांडेय, बेलाल अहमद, निरंजन कुमार दे,नेली लुकस, अभिलाषा झा, जयारानी कुंवर, हरिकृष्ण सिंह, पप्पु सिंह, प्रीति सिंह आदि मुख्य रूप शामिल थे।