
लातेहार: भाकपा माओवादियों ने तांडव मचाया है। अपने उपस्थिति दर्ज कराने के लिए माओवादियों ने लातेहार में महुआडांड़ थाना क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया है। यहां माओवादियों ने पुल निर्माण में लगे मजदूरों के साथ मारपीट की और काम को बंद रखने का आदेश दिया। इतना ही नहीं निर्माण कार्य में लगे मशीनों को भी आग के हवाले कर दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने वहां उपस्थित मजदूरों को चेतावनी दी कि बिना आदेश काम आरंभ करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस पूरे इलाके को सील कर छापामारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात हथियारबंद नक्सली निर्माण स्थल पर पहुंचे। लगभग 45 मिनट तक पुल निर्माण स्थल पर माओवादियों ने जमकर तांडव मचाया। वहां उपस्थित मजदूरों को बंधक बना लिया। उनके साथ जमकर मारपीट भी की और काम को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया। इसके बाद नक्सलियों ने निर्माण स्थल पर खड़ी एक कंप्रेशन मशीन को जला दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने वहां उपस्थित मजदूरों को चेतावनी दी कि बिना आदेश काम आरंभ करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। लगभग 45 मिनट तक पुल निर्माण स्थल पर माओवादी जम रहे, उसके बाद जंगल की ओर चले गए।