
रामगढ़ : साइबर ठगों ने 15वीं वित्त योजना के लिए खोले गए बैंक खातों से 1 करोड़ रुपये की राशि उड़ा ली। मामला रामगढ़ के पतरातू का है। शुक्रवार को प्रशासन ने पतरातू पुलिस को मामले की जानकारी दी। पतरातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि पतरातू के एचडीएफसी बैंक शाखा में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के खाते खोले गए हैं। इन सभी खातों से ठगों ने फर्जी तरीके से निकासी कर ली है।
फिलहाल ये साफ नहीं हो पाया है कि पैसों की निकासी कैसे की गई? चेक की क्लोनिंग कर यह निकासी की गई है या इसमें अधिकारियों के हस्ताक्षर का दुरुपयोग हुआ है? इस मामले में प्रखंड स्तर के कर्मचारियों की संलिप्तता पर भी जांच की जा सकती है।
पतरातू बीडीओ ने बताया कि पंचायत के बैंक खाते से अलग- अलग तारीख में पैसे की निकासी हुई है। अवैध निकासी का मामला प्रकाश में आने के बाद सभी खातों को तत्काल बंद कर दिया गया है। साथ ही पतरातू एचडीएफसी बैंक शाखा प्रबंधक से पंचायतों के खातों का स्टेटमेंट मांगा गया है। उन्होंने कहा कि स्टेटमेंट निकलने के बाद ही निकाली गई राशि का सही पता लग सकता है।
इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा सवाल उठता नजर आ रहा है कि जब आधा दर्जन बैंक खातों से अलग-अलग तिथियों में पैसे निकाले गए हैं तो किसी को पता कैसे नहीं चला। सुनियोजित तरीके से की गई इस ठगी को जिस तरह से अंजाम दिया गया है वह प्रखंड के कर्मियों या बैंक कर्मियों की मिलीभगत की ओर भी इशारा कर रहा है। शातिर अगर सुरक्षा के तमाम नियमों को धता बताकर मनमाने तरीके से किसी भी खाते से रकम निकाल ले रहे हैं तो यह और भी गंभीर व चिंताजनक स्थिति है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।