जमशेदपुर : गोलपहाड़ी गुरुद्वारा में गुरुवार को शहीदी दिवस पर विशेष दीवान का आयोजन किया गया. सबसे पहले सुबह सिख स्त्री सत्संग सभा की बीबियों ने जपजी साहेब के पांच पाठ किया. इसके बाद स्थानीय छोटे छोटे बच्चों ने कवित-पाठ का गायन किया. बच्चों ने कविता के जरिये साहेबजादों की शहीदी गाथा की इतनी सुंदर प्रस्तुति दी कि उपस्थित संगत का मन मोह गया.
इन बच्चों को सभा की प्रधान परमजीत कौर, बीबी जसविंदर कौर ने प्रतियोगिता के लिए तैयार कराया था. इसके बाद हर की उसतत वाले भाई मनप्रीत सिंह ने गुरवाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया. यहां गत 22 दिसंबर से शहीदी सप्ताह मनाया जा रहा था, जिसके तहत महिलाएं रोजाना जपजी साहेब के पाठ कर रहीं थी. इसी के साथ ही शहीदी सप्ताह और गोलपहाड़ी में आयोजित विशेष समागम का समापन गुरु चरणों में अरदास कर किया गया. अंत में सभी बच्चों को पुरुस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया. इस दौरान संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया गया.
