जमशेदपुर : लौहनगरी की सिख संगत पुराने साल का शुक्राना और नए साल का स्वागत गुरु की गोद में करेगी. साकची गुरुद्वारा मैदान में 30 व 31 दिसंबर को सजने वाले 24वें महान कीर्तन दरबार की रूपरेखा तैयार कर ली गई है.
गुरु नानक सेवा दल और सहयोगी संस्था के रूप में वीर खालसा सेवा दल समागम की तैयारियों में जुटा हुआ है. गुरुवार को साकची गुरुद्वारा मैदान में निर्माणाधीन पंडाल में समागम की रूपरेखा को सार्वजनिक किया गया. गुरु नानक सेवा दल के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू ने संवाददाता सम्मेलन कर पत्रकारों को जानकारी दी कि इस साल भी संगत की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा.
मंटू ने बताया कि समागम के दौरान आतिशबाजी करने पर रोक रहेगी. इस कार्यक्रम में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का विशेष सहयोग रहेगा. इसके अलावा अध्यक्ष मंटू ने सभी पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से चरणजीत सिंह को दल का प्रेस प्रवक्ता भी नियुक्त किया.
