
मोतिहारी : बिहार में हर्ष फायरिंग को रोकने के लिए तमाम तहर की कोशिशें की जा रही है, लेकिन यह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मोतिहारी के पकड़ीदयाल के सिसहनी गांव से सामने आया है। जहां हर्ष फायरिंग में एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। शादी की खुशी मातम में बदल गई। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात सिसवन गांव में अखिलेश पासवान की बेटी की शादी थी। दूल्हा बारात लेकर दरवाजे पर पहुंचा, तभी किसी ने खुशी में हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि इसी दौरान वहीं खड़े गोविंद कुमार (7) को गोली लग गई, इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक सिसवन गांव का ही रहने वाला बताया जाता है। इधर, पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को कहीं छिपा दिया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जख्मी का भी किसी अज्ञान स्थान पर छिपा कर इलाज करवाया जा रहा है।
आपको बता दें इससे पहले हर्ष फायरिंग को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए थे। जिसके तहत शादी, मुंडन या अन्य किसी भी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों में हथियार लहराया तो हत्या या हत्या के प्रयास का आरोपी बना जा सकता है। इस संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक, विधि व्यवस्था संजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने और इसके लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।