
नई दिल्ली : संसद की सुरक्षा में चूक मामले में लोकसभा के 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसमें संलिप्त अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि कल, 13 दिसंबर को संसद की दर्शक दीर्घा में दो लोग स्मोक स्प्रे लेकर घुस आये थे। दोनों जारी सदन में कूद आये और सासंदों पर स्मोक स्प्रे का छिड़काव करने लगे। इससे संसद के एक हिस्से में धुंआ फैल गया। इससे न सिर्फ संसद में मौजूद सांसदों में खलबली मची, बल्कि इस घटना से पूरे देश में हड़कंप मच गया। बहरहाल, त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इधर, संसद के अंदर की बात करें तो सुरक्षा में चूक के मामले में लोकसभा के 6 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है।
सदन के अंदर कूदने वाले का नाम सागर और मनोरंजन हैं। जबकि सदन के बाहर नारेबाजी करने वालों का नाम नीलम और अनमोल शिंदे हैं। ऐसी सूचना है कि चारों आरोपी एक-दूसरे से परिचित हैं। इन आरोपियों ने संसद पर हमले का प्लान बनाया था। चारों सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। जानकारी मिली है कि संसद के बाहर पकड़े गए दो लोग नीलम और अमोल मोबाइल फोन नहीं ले जा रहे थे। उनके पास कोई बैग या आईडी नहीं थी। उनका दावा है कि वे खुद संसद पहुंचे और उन्होंने किसी भी संगठन से जुड़ने से इनकार किया है. पूछताछ के लिए पुलिस एक विशेष टीम बना रही है। सागर शर्मा लखनऊ और मनोरंजन मैसूर का रहने वाला पता चला है। चारों के मोबाइल का काल डिटेल निकाल सभी एजेंसियां इनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। इन चारों के पारिवारिक और फ्रेंड सर्किल के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
मामले में सागर, मनोरंज, नीलम और अनमलो के बाद पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम ललित झा और विकी शर्मा हैं। ये दोनों ही गुरुग्राम के रहने वाले हैं। बकौल पुलिस ललित झा इस पूरी घटना का वीडियो शूट कर रहा था। जब स्मोक स्प्रे किया जा रहा था। विकी शर्मा पर पुलिस की ओऱ से आरोप है कि उसने घटना में शामिल सभी लोगों को दिल्ली में रहने के लिए ठिकाना उपलब्ध कराया था। हालांकि ये आरोपी दिल्ली में कहां-कहां रुके थे, इसकी पूरी जानकारी अभी तक पुलिस की ओऱ से नहीं दी गयी है।