रांची : देवघर के तत्कालीन डीसी और फिलहाल जमशेदपुर के डीसी के पद पर तैनात मंजू नाथ भजंत्री की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने देवघर डीसी के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक के आदेश को विस्तार देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 जनवरी की तिथि निर्धारित की है.
हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की कोर्ट में IAS मंजू नाथ भजंत्री की याचिका पर सुनवाई हुई. उनकी ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अजय शाह ने पक्ष रखा. बता दें कि वर्ष 2022 में फ्लाईट टेकऑफ करने को लेकर हुए विवाद के बाद सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर DC के खिलाफ दिल्ली में जीरो FIR दर्ज करवाई है. जिसे रद्द करने के लिए IAS अधिकारी मंजू नाथ भजंत्री ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. निशिकांत दुबे की ओर से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव और पार्थ जालान ने पक्ष रखा है.
