साहिबगंज: साहिबगंज के 22 किसानों को खेतीबाड़ी के लिए 90 प्रतिशत अनुदान पर एक-एक जोड़ा बैल मिलेगा। जोड़ा बैल वितरण योजना के तहत जिले के सभी प्रखंडों से 22 लाभुकों का चयन प्रखंड स्तरीय कमेटी के माध्यम से किया गया है।
सरकार ने किसानों के जीविकोपार्जन के लिए 'जोड़ा बैल योजना' शुरू की है। पहली बार इस योजना का लाभ लोगों को मिलेगा। इसमें किसानों को मात्र 10 प्रतिशत अंशदान देना होगा। 90 प्रतिशत राशि सरकार देगी। किसानों को चार हजार रुपये देना होगा। विभाग 36 हजार रुपये लाभुक के खाते में जमा करेगा।
प्रथम चरण में 22 लाभुकों को बैल देने के लिए सरकार आठ लाख 80 हजार खर्च करेगी। बैल की आयु दो साल के आस-पास होगी। विभाग ने लाभुकों का खाता खोलवाने का काम शुरू कर दिया है। इस जोड़ा बैल योजना के किसान जोड़ा बैल लेकर अपना खेती करने के साथ दूसरे का खेती कर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
मंडरो व बरहेट के पांच-पांच, पतना के चार, राजमहल व बोरियो के तीन-तीन तथा तालझारी के दो किसान का चयन इस योजना के तहत किया गया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी धनिक लाल मंडल ने बताया कि यह योजना पशुपालन विभाग की है। 22 किसानों का चयन किया गया है। उपायुक्त से अनुमोदन मिल गया है।
खाता खोलने की प्रक्रिया जारी है। 90 प्रतिशत अनुदान पर जोड़ा बैल दिया जाएगा। किसानों को 10 प्रतिशत अंशदान जमा करना है। अगर किसान रुचि दिखाते हैं तो उन्हें भी बैल उपलब्ध कराने का अनुरोध विभाग से किया जाएगा।
