
ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के ऊपर अपनी कार चढ़ा दी। पीड़िता का नाम प्रिया सिंह है। प्रेमी का नाम अश्वजीत गायकवाड़ है। पीड़िता ने अपनी पूरी लव स्टोरी बताई है। उसने कहा है कि मेरा अपने प्रेमी के साथ साढ़े चार साल तक रिश्ता रहा। हम एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे। मुझे पहले नहीं पता था कि वह शादीशुदा है। बाद में जब मुझे पता चला तो मैने सवाल किया इस पर अश्वजीत ने कहा कि उसका उसकी पत्नी से तलाक हो चुका है। दोनों अब साथ नहीं हैं। वह अब मुझसे प्यार करता है,शादी भी करना चाहता है। हम लंबे समय से साथ रह रहे थे।
पैर की तीन हड्डियाँ टूटी
प्रिया ने बताया कि जब मैं उस रात उससे मिलने गई, तो वह पत्नी के साथ था। मैं सदमे में थी जब मैं उससे बात करने गई, वह आक्रामक हो गया। हमारे बीच झगड़ा हुआ। उसने मुझे थप्पड़ मारा, मेरी गर्दन दबाने की कोशिश की, मैंने उसे दूर धकेलने की कोशिश की, उसने मेरा हाथ काटा, मुझे पीटा, मेरे बाल खींचे और उसके दोस्त ने अचानक मुझे जमीन पर धकेल दिया। मैं जमीन पर गिर गई और उसने कार का पिछला बायां पहिया मेरे दाहिने पैर के ऊपर से गुजार दिया। इस घटना से मेरे दाहिने पैर की तीन हड्डियाँ टूट गई हैं, इसका ऑपरेशन किया गया है। मेरे बाएं कंधे से लेकर मेरे कूल्हों तक गहरी चोटें हैं। मैं अपने शरीर को हिला नहीं सकती।