
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक 3 सगे भाइयों ने फांसी लगा ली। मामला उत्तर के संभल जिले का है, जहां तीन भाइयों में 2 की मौत हो गई। तीसरे की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पूरा मामला धनारी थानाक्षेत्र के औरंगाबाद गांव का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक पहले पान सिंह नाम के युवक ने जंगल में फांसी लगा ली। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया। पान सिंह की मौत की खबर सुनते ही घर में बड़े भाई बृजेश ने भी फांसी लगा ली। गनीमत है कि परिजन समय पर घर पहुंच गए और उसे फंदे से नीचे उतार लिया। दूसरी तरफ 2 भाइयों द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर सुनकर तीसरे भाई मुनेश ने भी आत्महत्या कर ली। मुनेश पंजाब में काम करता था. वह पंजाब से वापस घर लौट रहा था। धनारी स्टेशन पहुंचते ही उसने भी पुल के नीचे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
तीनों भाइयों में से 2 का परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। इसे लेकर परिजन भी संदेह के घेरे में हैं। तीनों भाइयों की संदेहास्पद आत्महत्या के मामले में पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एक के बाद एक 3 सगे भाइयों ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। तीसरे भाई बृजेश की स्थिति नाजुक है, लेकिन जैसे ही वह खतरे से बाहर आएगा पुलिस उससे भी आत्महत्या के पीछे की वजह जानना चाहेगी।