जहानाबाद : हाल के दिनों में बिहार में पुलिस पर हमले से जुड़ी कई खबरें आयी हैं. इसी कड़ी में ताजा मामला जहानाबाद जिले से जुड़ा हुआ है. दरअसल, जहानाबाद शहर के फिदा हुसैन रोड में इनामी अपराधी को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. इससे पहले, पुलिसकर्मियों ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया था. इसी बीच अचानक कुछ लोगों की भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगी. साथ ही आरोपी को छुड़ा ले गई. घटना के बाद कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, गया जिले के 50 हजार के इनामी अपराधी श्याम करीम को पुलिस पकड़ने गई थी. उसपर डकैती और लूट सहित कई मामले दर्ज हैं. वह एक साल से फरार चल रहा है.