
रांची : हेमंत सोरेन सरकार के ज्यादातर विधायक राजधानी रांची में ही जमे हुए हैं। कुछ मंत्रियों और विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात भी की है। बुधवार को सीएम आवास में हुई बैठक में सभी विधायकों को एक सप्ताह तक रांची में ही रहने को कहा गया था। जानकारी मिल रही है कि मंत्री बादल, कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी, विधायक उमाशंकर अकेला समेत अन्य विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान विभिन्न सियासी मुद्दों चर्चा हुई। झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि सारे विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हैं। सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ प्रतिबद्धता जाहिर की है। सरकार को अस्थिर करने का विपक्षी षड्यंत्र कामयाब नहीं होने वाला है। उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। भाजपा की ओर से उपचुनाव नहीं हो पाने की बातों पर उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन परिपक्व राजनेता हैं, उनके पास बहुत सारे विकल्प हैं।'