आदित्यपुर : विगत 2 दिनों से आदित्यपुर दिंदली बाजार और थाना रोड के फुटपाथी दुकानदारों का सर्वे नगर निगम ने शुरू किया है. सर्वे नगर निगम की महिला सामुदायिक कार्यकर्ता और उनके साथ होमगार्ड्स के जवान कर रहे हैं, जो दुकानदार का वीडियो बनाकर उनका नाम पता और व्यवसाय को सूचीबद्ध कर रहे हैं. बता दें कि प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 2 साल पूर्व नगर निगम के फुटपाथी दुकानदारों की सूची बना कर उन्हें स्ट्रीट वेंडर कार्ड मुहैय्या कराया गया था और तब उन्हें फुटपाथ से हटाकर वेंडिंग जोन में स्थायी रूप से स्थापित करना था. वह योजना आज तक अधूरी है. अब तक नगर निगम के द्वारा वेंडिंग जोन ही चिन्हित नहीं बन पाया है.
हालांकि वेंडर कार्ड बनने के बाद फुटपाथी दुकानदारों ने लाभ उठाते हुए बैंकों से ऋण लेकर अपना व्यवसाय में वृद्धि जरूर की है लेकिन उन्हें स्ट्रीट वेंडिंग जोन नाड़ीब नहीं सका है. अब नया सर्वे को लेकर दुकानदारों में उहाफोह की स्थिति बनी हुई है. बता दें कि नगर निगम क्षेत्र के बाजार हाट और सैरात पर सरकार के द्वारा लिए गए निर्णयानुसार नगर निगम का आधिपत्य होना चाहिए था लेकिन बाज़ार उत्पादन समिति इसमें अब तक अड़ंगा लगाए हुए है और निकाय क्षेत्र के बाज़ार हाट और सैरातों को हस्तांतरित नहीं कर रही है.