घाटशिला : कांठा सिंह अनाथालय के संचालक घाटशिला के लेदा गांव निवासी कांठा सिंह का निधन गुरुवार को हो गया. सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में अनाथों के नाथ के रूप में कांठा सिंह की पहचान बनी थी. दिल्ली तक लोग उन्हें जानने लगे थे. कांठा सिंह अनाथालय वर्ष 1999 में शुरू हुआ था. लेदा गांव में अनाथालय संचालन से घाटशिला अनुमंडल में अनाथों के नाथ के नाम से कांठा की पहचान बनी. वर्ष 2009 का दौर था, जब कांठा सिंह को पूरी दुनिया ने जाना. तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल के बुलावे पर कांठा सिंह अपने बच्चों के साथ दिल्ली गए. 27 नवंबर, 2009 को दिल्ली में राष्ट्रपति ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. उनके साथ बच्चों ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की थी. राष्ट्रपति ने कांठा के ऐसे प्रयास की खूब सराहना की थी. इसके बाद उनका नाम तेजी से मशहूर होने लगा. वह फिल्म अभिनेता आमिर खान समेत कई बड़े हस्तियों से मिल चुके थे. हालांकि, वर्ष 2019 को झारखंड सरकार के सचिव के आदेश पर अनाथालय की जांच में कई खामियां पाए जाने के बाद निबंधन रद्द कर दिया गया. इसके बाद कुछ दिनों तक कांठा सिंह गरीब बच्चों के लालन पोषण के लिए भगीरथी प्रयास में जुटे थे. जमशेदपुर लोकसभा से उन्होंने चुनाव भी लड़ा था. उन्होंने अंतिम सांस भी अनाथालय में ही ली. गुरूवार उनके निधन की खबर पाकर पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, पार्षद देवयानी मुर्मू समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित किया.
