हाटगम्हरिया : हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने दो दिन पूर्व WINCEREX कफ सिरप से भरा बोलेरो पिकअप वैन और उसे एस्कॉर्ट कर चल रही सफेद रंग की एक अन्य टाटा हैरियर वाहन को पकड़ा था. हालांकि पुलिस ने उस कार को रात में ही छोड़ दिया. इस कारण यह चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि उक्त वाहन में बिहार के रोहतास निवासी मुख्य ड्रग्स माफिया प्रदीप प्रसाद के अलावे अन्य माफिया भी सवार थे. यह ड्रग्स रुपी सिरप चम्पुआ निवासी झारखण्ड व ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों का मुख्य ड्रग्स माफिया इस्राफिल आलम के यहां जा रहा था. पकड़े गये वाहन का चालक चम्पुआ निवासी अनीश भी इस्राफिल का नाम पूछताछ में बताया है. इसके बावजूद प्राथमिकी में इस्राफील का नाम नहीं डालने से चर्चा का विषय बन गया है. कुछ लोग तो हाटगम्हरिया पुलिस पर यह भी आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस ने विशेष वजह से टाटा हैरियर वाहन व उसमें सवार सरगना को रात में ही थाना से छोड़ दिया. हालांकि हाटगम्हरिया पुलिस के अधिकारी सूत्रों ने बताया कि यह सही है कि एक पिकअप वाहन व उसके साथ एक अन्य वाहन द्वारा स्कॉट कर आने की सूचना मिली थी. लेकिन सिर्फ सिरप लदा पिकअप वाहन ही पकड़ा गया था. दूसरा वाहन शायद पहले ही जानकारी मिलने के बाद भाग गया होगा. टाटा हैरियर वाहन को पुलिस ने नहीं पकड़ी थी. यह अफवाहें तेजी से उड़ रही है जो निराधार बात है. चालक ने पूछताछ में इस्राफील आलम व अन्य का नाम लिया है. मामले की जांच चल रही है.
