जमशेदपुर: बारीडीह में टाटा मणिपाल कॉलेज से बजरंग चौक तक 300 मीटर सड़क का चौड़ीकरण टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा किया जा रहा है. इस सड़क के निर्माण में कंपनी द्वारा मनमानी की जा रही है. इसका आरोप कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बबलू झा ने लगाया है. शुक्रवार को वे कार्यस्थल पर पहुंचे और कार्य का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि यह चौड़ीकरण का कार्य पिछले तीन-चार वर्षो से चलते आ रहा है. मौके पर मौजूद पोद्दार एवं मानव जी से बाते करने पर उन्हें बताया गया कि टाटा स्टील से पेमेंट नहीं होने के कारण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है और निरंतर ठेकेदार भी बदले जा रहे हैं.
बबलू झा ने बताया कि वर्तमान में बजरंग चौक पर पीछले एक महीनों से सड़क गड्ढा खोद कर छोड़ गया है, जिससे मुख्य सड़क काफी संकीर्ण हो गई है. बीती रात यहां दुघर्टना भी हो चुकी है. पिछले कई वर्षों से बारीडीह बस्तीवासी काफी परेशान है. खास कर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. टाटा स्टील यूआईएसएल ने दुर्गा पूजा तक कार्य पूरा करने की बात बताई थी, लेकिन अब समय सीमा आगामी मार्च तक बताया जा रहा है. टीएसयूआईएसएल के महाप्रबंधक कैप्टन धनंजय मिश्रा से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई परंतु बात नहीं हो सकी. साइट इंजीनियरों के पास ना तो वर्क ऑर्डर की कॉपी है और ना ही परमिशन कॉपी. यहां तक कि बीएसएनएल को बगैर सूचित किए हुए उनके फाइबर को काट कर नेटवर्क डाउन कर दिया जा रहा है. उन्होंने टुसू पर्व को देखते हुए इस मुद्दे पर बस्तीवासी एवं दुकानदार साथियों से वार्तालाप कर आगे की रणनीति तय करने की बात कही है.
