विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र में जुस्को पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं का निरीक्षण किया
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय ने आज सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच अपने विधानसभा क्षेत्र में जुस्को द्वारा क्रियान्वित हो रहे पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया। इस क्रम में वे सबसे पहले जोजोबेड़ा के इलाके में गये और वहाँ के नागरिकों से तथा टाटा स्टील यूआईएसएल के पदाधिकारियों से इस संबंध में जानकारी हासिल किया।
उन्होंने पाया कि रामाधीन बगान पानी टंकी से जोजोबेड़ा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके दो माह के भीतर पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा पेयजल कनेक्शन के लिए फाॅर्म वितरित किए जाएगा और पेयजल आपूर्ति आरंभ की जाएगी। उन्होंने जोजोबेड़ा में बन रहे खेल मैदान का जायजा लिया और दूरभाष पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि मैदान के संबंध में चल रहे विवाद का शीघ्र निपटारा कराएं।
इसके बाद राय ने भुइयांडीह के आक्सीजन मैदान में बन रहे पेयजल आपूर्ति पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। टाटा स्टील यूआईएसएल के वहाँ उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि पंपिंग स्टेशन का कार्य 60 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है, साथ ही साथ मुहल्लों में पेयजल का कनेक्शन देेने के लिए पाइपलाइन डालने का कार्य भी प्रगति पर है।
पदाधिकारियों ने श्री राय को बताया कि नंदनगर, बाबुडीह लालभट्टा क्षेत्र में जून माह तक पाइप डालने का कार्य पूरा हो जाएगा और कनेक्शन के लिए फाॅर्म वितरित कर दिए जाएंगे।
