कन्नौज: एक नाबालिग छात्रा ने अपनी मां के टॉर्चर से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। उसके शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने अपनी मां और पापा पर गंभीर आरोप लगाये है। छात्रा ने लिखा है- "मैं इतनी मार नहीं खा सकती। अब मैं जा रही हूं, आप लोग हमेशा खुश रहना। मेरी शादी के 5-6 लाख रुपए भी अब आप लोगों के बच जाएंगे।"
पुलिस कर रही मां-बाप से पूछताछ
ये मामला कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव का है। छात्रा ने शुक्रवार देर शाम सुसाइड किया था। परिवार के लोगों ने उसी दिन पुलिस को जानकारी दी थी। उसके मामा ने रविवार को पुलिस को मां-पिता दोनों के खिलाफ तहरीर दी है।
सोमवार को जब एसपी ने मामले को संज्ञान में लिया तब छात्रा का सुसाइड नोट सामने आया। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जिसमें जहर खाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी मां-बाप से पूछताछ कर रही है। बता दें, छात्रा की मां सौतेली है। उसकी मां की मौत साल 2010 में हो गई थी। छात्रा कक्षा-9 में पढ़ती थी।
अब पढ़िए छात्रा का पूरा सुसाइड नोट
पापा कल मैंने उसे पहली बार फोन किया था, आप दोनों कह रहे थे वो घर आया, मुझसे पूछ रहे थे कितनी बार घर आया जबकि वो कभी घर नहीं आया। मैंने उसको फोन किया, ये मेरी गलती है लेकिन इतनी बड़ी गलती भी नहीं है कि मैं इतनी मार खाऊं। मैं अब आप दोनों को छोड़कर जा रही हूं, ओके।
अब आप लोग हमेशा खुश रहना। कभी मत रोना, अभी भी मत रोना। अब तो आप लोगों को खुशी होनी चाहिए। आप लोगों के 5-6 लाख रुपए बच गए हैं। अब आप लोग अपने 5 बच्चों को खूब प्यार करना। आप दोनों को भी कभी किसी ने ऐसे नहीं मारा होगा जैसे आप लोगों ने मुझे मारा। मैं अब हमेशा के लिए जा रही हूं, बाय।
सुसाइड लेटर सामने आने के बाद छात्रा के मामा का कहना है कि, शायद उसकी किसी युवक से बात हुई थी। जिसकी जानकारी उसके मां-बाप को हो गई थी। इस बात से नाराज उन दोनों ने उसे बहुत पीटा। जिससे दुखी होकर उसने सुसाइड कर लिया। इसे पहले भी छात्रा को बहुत प्रताड़ित किया गया है। घर में सौतेली मां उसको बहुत परेशान करती थी।
साल 2011 में पिता ने की थी दूसरी शादी
छात्रा के पिता ने 2 शादियां की थी। पहली पत्नी से उनको 3 बच्चे थे। 2 बेटियां और 1 बेटा। साल 2010 में बीमारी के चलते पहली पत्नी की मौत हो गई। जिसके बाद साल 2011 में उसने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी से भी उसके 3 बच्चे हैं। जिनमें 2 बेटे और एक बेटी है। सुसाइड करने वाली बेटी तीसरे नंबर की थी। छात्रा के पिता कीटनाशक दवा की दुकान चलाते हैं। कुछ समय पहले ही घर की बड़ी बेटी की शादी हुई थी। उसकी ससुराल फर्रुखाबाद में है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया, सुसाइड नोट बरामद हुआ है। साथ ही छात्रा के मामा ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हम लोग मामले की जांच कर रहे हैं। पूछताछ की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

