बृजेश चतुर्वेदी, कन्नौज: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में कानून व्यवस्था, अभियोजन एवं नारकोटिक्स के सम्बन्ध में बैैठक सम्पन्न हुयी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि पाक्सो एक्ट एवं महिला उत्पीड़न व एससी/एसटी एक्ट से संबंधित वादों का निस्तारण प्राथमिकता में लेकर अपराधियों को सजा दिलायी जाये। किसी भी अपराधी को छोड़ा न जाये, कानून के जो प्रावधान है उसका शतप्रतिशत पालन किया जाये। उन्होने डीजीसी क्रिमिनल को निर्देश दिये कि सम्मन/वांरट को अधिक से अधिक तामील कराएं। उन्होने पक्षद्रोही वादो के संबंध में सभी शासकीय अधिवक्ता को निर्देश दिये कि पक्षद्रोही कम व सजा अधिक कराएं।
उन्होने ई-प्राॅसीक्यूशन पोर्टल पर समय से डाटा फीडिंग कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि जमानत के संबंध में राज्य सरकार के जो महत्वपूर्ण मसले है मुस्तैदी के साथ वादों में पैरवी कर निस्तारण करायें जायें। डीजीसी क्रिमिनल द्वारा बताया गया कि दफा 3/25 में शस्त्र बरामद नही हुआ, के संबंध में उन्होने पत्रावली बनाये जाने के निर्देश दिये। अभिहीत अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा बताया गया कि दो वादो पर जिसमें राधेश्याम को एक वर्ष की सजा व एक हजार रुपये का अर्थ दण्ड एवं विनोद को एक हजार का अर्थ दण्ड के रुप में सजा करायी गयी एवं दो वादों पर साक्ष्य के अभाव में दोष मुक्त किया गया, जिस पर उन्होने निर्देश दिये कि खाद्य पदार्थ में मिलावट वाले प्रकरणो की पैरवी कर सजा दिलाने की कार्यवाही की जाये। उन्होने खनन अधिकारी को निर्देश दिये सभी अधिनियम की जानकारी लें और वादों का निस्तारण अधिक से अधिक करायें।
बैठक में बताया गया कि जनपद में सत्र न्यायालय के गम्भीर अपराधो की माह सितम्बर में कुल संख्या 6791 प्रकरण लंबित थे, जिसमें 42 मामलो का निस्तारण हुआ है, और 15 लोगों को पैरवी कर सजा दिलाई गयी तथा 27 लोंगों को रिहा किया गया। इसी प्रकार महिला अपराध से संबंधित प्रकरणो में कुल 1261 मुकदमें लंबित थे, जिसमें 10 वादो का निस्तारण किया गया, इसमें 05 लोगो को सजा हुई है। पाॅक्सो एक्ट से संबंधित प्रकरणो में कुल 763 मुकदमें लंबित हैं। उन्होने कड़े निर्देश दिये कि अपराध एवं अपराधियों पर सख्ती से पेश आकर कार्यवाही की जाये। जब अपराधियों को सजा होगी, तभी अपराधों में कमी आयेगी और जनपद वासियों को भयमुक्त वातावरण मिलेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनन्द, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), आशीष कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 स्वदेश गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 पूरन सिंह, जिला आबकारी अधिकारी, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा, जिला खान अधिकारी, जिला अभियोजन अधिकारी, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी, अपर जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी आदि उपस्थित रहे।
