
रांची: गोड्डा में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते दिन जिले में ही एक भीषण हादसा हुआ था जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए थे. जिले में आज फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जिसकी चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है. यह हादसा 27 नवंबर की सुबह पांडुबथान स्थित नए समाहरणालय के पास हुआ.
बासुकीनाथ धाम स्नान करने जा रहे थे दोनों युवक
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक संटू मंडल और प्रदीप कुमार साह दोनों दोस्त थे और वे मछिया सिमडा लालपुर गांव से बाइक पर हर साल की तरह इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बासुकीनाथ धाम में स्नान करने के लिए जा रहे थे लेकिन इसी बीच समाहरणालय गेट के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रही एक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. जिससे मौके पर ही दोनों दोस्त की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार बारात से वापस लौट रही थी और उसने दोनों बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी जिसे बाइक सवार युवक वहीं गिर गए. घटना के बाद जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों युवकों को उठा कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा लेकिन तबतक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी. वहीं घटना के बाद कार सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए. इस हादसे में कार और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है.