
Prabhat Vision, Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य में अपराध पर लगाम की सख्त कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत राज्य के 7 क्रिमिनल्स पर 1.15 करोड़ का इनाम देने का निर्णय लिया गया है। ये सातों अपराधी अलग-अलग गिरोह से संबंध रखते हैं। इस प्रस्ताव के शीघ्र ही संबंधित विभाग के पास मंजूरी के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। मंजूरी मिलते ही इनाम की राशि को सार्वजनिक किया जायेगा। मिली खबर के मुताबिक इन अपराधियों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये से 30 लाख रुपये तक का इनाम दिया जायेगा। बता दें कि झारखंड में इस समय छोटे-मोटे क्रिमिनल्स के अतिरिक्त लगभग 12 गिरोह अलग-अलग इलाकों में सक्रिय हैं। इनकी वजह से आम आदमी के साथ राज्य के कारोबारियों का जीना दुभर हो गया है। राजनीतिक हलकों में भी इस बाबत सवाल उठते रहे हैं।
दूसरे राज्य के गिरोह भी सक्रिय हैं झारखंड में
झारखंड में यहां के अलावा दूसरे राज्य के भी आपराधिक गिरोह सक्रिय हैं। ये अपराधी झारखंड पुलिस के लिए अधिक सर दर्द बने हुए हैं। क्योंकि झारखंड में अपराध करने के बाद ये अपराधी अपने राज्य में जाकर छिप जाते हैं। एक खबर में कहा गया है कि झारखंड में सक्रिय अपराधियों में उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बंगाल, छत्तीसगढ़ और बिहार तक के अपराधी सक्रिय हैं। पुलिस इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अलग से नेटवर्क तैयार कर रही है। इसमें आम शहरियों की भी मदद ली जा रही है। ऐसे अपराधियों पर झारखंड के पुलिस मुख्यालय की खास नजर है।