सरायकेला: जेटेट सफल सहायक अध्यापक समन्वय समिति के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर जिले के जेटेट सफल सहायक अध्यापक आगामी 16 दिसंबर को रांची स्थित मुख्यमंत्री का आवास घेराव करेंगे।
इसकी तैयारी को लेकर जेटेट सफल सहायक अध्यापक संघ की एक जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष बादल सरदार की अध्यक्षता में गौरंगडीह में आयोजित की गई। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अपनी जायज मांग के तहत जेटेट सफल सहायक अध्यापक के लिए एक मांग वेतनमान को लेकर जारी आंदोलन के तहत आगामी 16 दिसंबर को आहुत प्रदेश स्तरीय मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में जिले की शत प्रतिशत सहभागिता रहेगी। साथ ही आगामी 6 दिसंबर को जिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित आगमन पर उन्हें मांग पत्र सौंपे जाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर जेटेट सफल सहायक अध्यापक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल खरसावां विधायक दशरथ गागराई से भी मिला। और अपने मांग को लेकर उन्हें पत्र सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान संघ के जिला समन्वयक अतुल चंद्र महतो, सत्य प्रकाश महतो, सामू सोरेन, इंद्रदेव महतो, गुरुपदो महतो, मनोज कुमार महतो, रयबु नाथ, शिव शंकर सुरेन, तिलक प्रसाद महतो, भीष्म देव सिंह मुंडा, निरंजन मंडल, मेनका महतो, सोना किस्कू, कौशल्या महतो, अमिया बिंदु महतो सहित अन्य जेटेट सफल सहायक अध्यापक मौजूद रहे।
