पटमदा अंचलाधिकारी पर लगे आरोपों की जांच करेंगे एडीसी



जमशेदपुर: आरटीआई कार्यकर्ता संघ के केन्द्रीय महासचिव सह आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर पटमदा अंचल अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी की शिकायत की थी.

 इसके साथ ही अविलंब विधि सम्मत कारवाई करने की मांग की थी. दरअसल, कृतिवास मंडल ने अंचल अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी पर सरकारी आवास छोड़ कर अपने निजी आवास में रहने और पद का दुरूपयोग करते हुए गलत सूचना देने का आरोप लगाया था. इस मामले की जांच के लिए जिला उपायुक्त ने अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा को नियुक्त किया है. 

अपर उपायुक्त 11 दिसंबर को दोपहर 01 बजे पटमदा प्रखंड मुख्यालय में जांच के लिए पहुंचेंगे, जहां वे पंचायत सचिवालय में अंचल अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी से पूछताछ करेंगे. इसके लिए चन्द्रशेखर तिवारी को जांच के समय पटमदा पंचायत सचिवालय में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है. कृतिवास मंडल ने इस मामले पर कहा है कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा जनता के हित में निष्पक्ष जांच करेंगे और विधि सम्मत कारवाई करेंगे.

आरटीआई कार्यकर्ता कृतिवास मंडल ने पटमदा के अंचल अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी के ऊपर दो गंभीर आरोप लगाया था. उन्होंने सूचना अधिकार से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोप लगाया था कि अंचल अधिकारी पटमदा प्रखंड के मूल निवासी होते हुए इसी प्रखंड के सीओ बने हुए हैं. 

उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर तिवारी कमलपुर पंचायत के सारंगीडीह गांव के मूल निवासी हैं. इस नाते इस अंचल में उनकी पदस्थापना सर्वथा गलत है. इसके अलावा सरकारी नियमानुसार उन्हें आवंटित सरकारी आवास में रहना चाहिए या 8 किलोमीटर की परिधि में उनका निवास रहना चाहिए. परंतु वे लोक सेवक के लिए बने नियमों का उल्लंघन करते हुए 30 किलोमीटर दूर पारडीह में रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि पारडीह से प्रतिदिन आने-जाने की वजह से वे सरकारी डीजल खर्च कर रहे जिससे हर माह हजारों रुपए का चूना सरकार को लगा रहे हैं.


Post a Comment

Previous Post Next Post
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement
Responsive Advertisement

Contact Form